
जांजगीर-चांपा जिले में धान बेचने के लिए टोकन नहीं मिलने से परेशान एक किसान ने शराब के नशे में खतरनाक कदम उठा लिया। ग्राम कसौंदी निवासी किसान अनिल गढ़वाल (35) शनिवार सुबह गांव के पास लगे करीब 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। वह करीब तीन घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। टावर पर चढ़े किसान का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह नीचे उतरने से इनकार करते हुए कहता नजर आ रहा है कि जब तक उसका बचा हुआ धान नहीं बिकेगा, वह नीचे नहीं आएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान अनिल गढ़वाल के पास लगभग 2.77 एकड़ जमीन है, जिसमें उसने धान की खेती की है। उसने इस खरीफ सीजन में गोद धान मंडी में 29 क्विंटल धान बेच दिया था, लेकिन उतनी ही मात्रा में करीब 150 बोरा धान अब तक नहीं बिक पाया। टोकन नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। उस पर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज भी बताया जा रहा है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे उसने शराब पी और गुस्से में आकर सीधे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। उसकी आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और तहसीलदार राजकुमार मरावी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार किसान को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था।
स्थिति को गंभीर देखते हुए नगर सेना (होमगार्ड) की टीम को भी बुलाया गया। सुरक्षा के लिहाज से टावर के नीचे जाली बिछाई गई ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके।
काफी मशक्कत और समझाइश के बाद किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में किसानों की समस्याओं और धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।






