
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर | थाना सकरी
थाना सकरी पुलिस ने बीट सिस्टम की प्रभावी मॉनिटरिंग और सटीक सूचना संकलन के जरिए बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की 9 वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। बीट आरक्षकों को सक्रिय कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।
बीट सिस्टम के जरिए मिली सूचना के आधार पर संदेही अरविंद पटेल (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने साथी आशीष रजक (20 वर्ष) एवं तीन नाबालिगों के साथ मिलकर सकरी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाएं करना कबूल कर लिया।
इस तरह की वारदातों का किया खुलासा:
आरोपियों ने फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच चोरभट्ठी खुर्द, देवरीकला, घुरू, गिरधौना, बंधवापारा, संबलपुरी और सिद्धिविनायक कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में सूने मकानों व निर्माणाधीन स्थलों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। कई स्थानों पर ताले तोड़कर नगदी, जेवर और उपयोगी सामान चोरी किए गए।
बरामद सामान:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से समरसीबल पंप, स्पीयर पंप, कॉपर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी के जेवर (कर्धन, पायल, अंगूठी, चम्मच), टीवी, सिलिंग फैन, स्टील के नल, कांसे के बर्तन सहित नगदी 700 रुपए जब्त किए हैं। आरोपियों ने चोरी की बड़ी रकम खर्च कर देने की बात स्वीकार की है।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चौधरी, उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, रूपेश तिग्गा, चोलाराम पटेल, रवि कुमार लहरे, आरक्षक अफाक खान, आशीष शर्मा, पवन बंजारे एवं मनोज बघेल की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
सकरी पुलिस की यह कार्रवाई न केवल बीट सिस्टम की प्रभावशीलता को साबित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि स्थानीय स्तर पर सक्रिय पुलिसिंग से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
