कोरबा: राताखार मार्ग पर ट्रेलर ने बाइक को कुचला, पहिये के नीचे फंसा युवक का पैर….

✍️ भागीरथी यादव

 

दर्द से कराहता रहा घायल, दूसरे ट्रेलर चालक की मदद से निकाला गया बाहर; दुर्घटना के बाद सड़क पर थमे वाहनों के पहिये

 

कोरबा। शहर के राताखार मार्ग पर भारी वाहन की तेज रफ्तार एक बाइक सवार युवक के लिए मुसीबत बन गई। कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रेलर की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसका एक पैर ट्रेलर के पिछले पहिये के नीचे फंस गया। बाइक भी पहिये के नीचे दब गई। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, युवक बाइक से राताखार मार्ग पर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने आगे निकलने की कोशिश की। इस दौरान बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई और युवक सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक का पैर पहिये के नीचे फंसने के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था।

 

मदद के लिए आगे आया दूसरा ट्रेलर चालक

 

दुर्घटना के बाद घायल युवक दर्द से कराहता रहा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन उसे निकालने में कठिनाई हो रही थी। इसी बीच पीछे से पहुंचे एक अन्य ट्रेलर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बचाव कार्य में मदद की। लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवक को पहिये के नीचे से निकाला गया। बाइक को भी बाहर निकालने के लिए प्रयास करना पड़ा। इसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

दुर्घटना से दोनों ओर वाहनों की कतार

 

हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सड़क पर ट्रेलर और बाइक के फंसे होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ और मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। कुछ समय तक आवागमन बाधित रहा।

 

भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि राताखार मार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में तेज गति से वाहन चलाने और आगे निकलने की जल्दबाजी से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने और सड़क पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।