रामसागर पारा निवासी रघुवीर सिंह ठाकुर सट्टा-पट्टी लिखते गिरफ्तार, 15,250 रुपये की सामग्री जब्त…..

✍️ भागीरथी यादव

 

दो मोबाइल और नकदी समेत 15,250 रुपये की सामग्री जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

 

धमतरी, 28 अक्टूबर। जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने रामसगरी गार्डन में सट्टा-पट्टी लिखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, नकदी रकम और सट्टा-पट्टी सहित कुल 15,250 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने रामसगरी गार्डन में दबिश दी। यहां एक व्यक्ति कथित रूप से रुपये-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिखते हुए मिला। पुलिस ने उसे मौके पर पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुवीर सिंह ठाकुर (36 वर्ष), पिता विजय सिंह ठाकुर, निवासी रामसागर पारा, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक सट्टा-पट्टी, एक डॉट पेन, लगभग 13 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन और 2,250 रुपये नकद जब्त किए हैं।

 

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 275/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) में मामला दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

 

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है।