
रायपुर। सूखे नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने ही विभाग के एक आरक्षक को अवैध मादक पदार्थ बेचते हुए गिरफ्तार किया है। इस घटना के सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु बर्मन (34) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में रायपुर में पदस्थ था। वह मूल रूप से कबीरधाम जिले का निवासी है और पुलिस लाइन स्थित जनता कॉलोनी में रह रहा था।
ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस को 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मठपारा क्षेत्र में नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर चिट्टा (हेरोइन) बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की पुड़िया में रखा लगभग 1 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्तों तथा थाना टिकरापारा और आजाद चौक की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सोर्स से डेस्टिनेशन तक जांच
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। मादक पदार्थ कहां से आया और किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।








