✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। शहर के दादर नाले की बदहाल स्थिति एक बार फिर तेज बारिश के दौरान सामने आई। शनिवार सुबह हुई बारिश के बाद नाले में पानी का बहाव तेज हो गया और आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। तेज बहाव के कारण एक स्कॉर्पियो वाहन नाले में डूब गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले 5-7 वर्षों से बारिश के दौरान दादर नाला इसी तरह भर जाता है और आसपास के घरों में पानी घुसने की स्थिति बनती है। हर साल लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
रहवासियों का कहना है कि जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार लोग समस्या का जायजा लेने मौके पर आते जरूर हैं, लेकिन निरीक्षण के बाद मामला फिर ठंडे बस्ते में चला जाता है। लोगों का आरोप है कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
बारिश के बीच स्कॉर्पियो के पानी में डूबने की घटना ने नाले की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से नाले की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
