

रायपुर। राजधानी रायपुर के ग्रामीण क्षेत्र में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नगद राशि, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और सट्टे से जुड़ा रिकॉर्ड जब्त किया गया है।
ग्रामीण पुलिस को सूचना मिली थी कि तिल्दा नेवरा क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एएसपी प्रशांत शुक्ला, सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी और थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीएसयूपी मकान पर छापा मारा। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला (43 वर्ष) बताया।
जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में ऑनलाइन बेटिंग साइट्स “777 ग्रैंड एक्सचेंज” और “JMD BET” आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद, तीन मोबाइल फोन (कीमत लगभग 75 हजार रुपये), 20 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज छह कॉपियां, एक पेन और एक कैलकुलेटर जब्त किया गया। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की है।
आरोपी का स्थायी पता माजरा, थाना अर्बन, जिला रोहतक (हरियाणा) बताया गया है, जबकि वह कोहका में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस जब्त बैंक खातों की जांच कर रही है और मामले में जुड़े अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।





