बीजापुर – भोपालपटनम विकासखंड अंतर्गत सुदूर गांव वाडला में अब मोबाइल नेटवर्क की गूंज सुनाई देगी। वर्षों से संचार सुविधा से वंचित रहे ग्रामीणों को आखिरकार बेहतर नेटवर्क की सौगात मिल गई। बुधवार को ग्राम वाडला में जिओ मोबाइल टॉवर का विधिवत संचालन प्रारंभ हुआ, जिससे आसपास के गांव पोलेम, मटटीमरका और गोखुर के हजारों ग्रामीणों को अब मोबाइल और इंटरनेट सुविधा का लाभ मिलेगा।
यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्लानार योजना और केंद्र सरकार की यूएसओएफ योजना के तहत पूरी की गई है। संचार सुविधा की बहाली से न केवल स्थानीय निवासियों को अपने परिवार व मित्रों से जुड़ने में आसानी होगी, बल्कि छात्रों और युवाओं को ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और डिजिटल सेवाओं तक पहुंच भी अब सुलभ हो गई है।
गांव में नेटवर्क के शुरू होने से सुरक्षा, आपातकालीन सेवा, प्रशासनिक संपर्क और डिजिटल लेनदेन जैसे क्षेत्रों में भी प्रभावी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें छोटी- छोटी बातों के लिए ब्लॉक मुख्यालय नहीं दौड़ना पड़ेगा। इस कदम को क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक जीवन के लिए डिजिटल क्रांति की नींव माना जा रहा है। डिजिटल समावेशन की यह पहल आदिवासी अंचलों के समग्र विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।






