सुशील जायसवाल
सिरमिना/कोरबी। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोरबी पुलिस ने ग्राम पंचायत छिंदिया के आश्रित ग्राम बाबूपारा में छापामार कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाबूपारा में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार 9 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 लीटर कच्ची महुआ शराब और 50 नग स्पेशल व्हिस्की बरामद की।
पुलिस ने आरोपी सुमित यादव (35 वर्ष) पिता बनसलाल यादव, निवासी ग्राम बाबूपारा, छिंदिया (पुलिस चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।







