
सुशील जायसवाल
कोरबी-चोटिया।
जन संगठन वंचितों का सांसद जन जागरूकता अभियान के तहत राजमेरु संस्था रायपुर के सहयोग से क्षेत्र में महिला जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 8 मार्च से 11 मार्च तक विभिन्न गांवों में संचालित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए।
अभियान के दौरान ग्राम जल, तुलबुल, सरभोका तथा कुम्हारी दर्री सहित आसपास के गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण, महिला स्वास्थ्य, महिला शिक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला किसानों के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कुरीतियों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
इस अभियान का समापन ग्राम पंचायत सरभोका, विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा में किया गया, जहां महिलाओं को समाज में समान भागीदारी और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की गतिविधियों का संचालन शिव प्रसाद उदय के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महिला शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प भी लिया।







