अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर ठगी करने वाला आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच थाना तोरवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लोगों से पैसे वसूलने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुनील कुमार सूर्यवंशी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अगस्त 2025 की रात अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने यूपीआई के माध्यम से कुल 1,50,400 रुपये की ठगी कर ली।

मामले में थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 479/2025 के तहत धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और यूपीआई ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई।

जांच के दौरान आरोपी का लोकेशन नोएडा (उत्तर प्रदेश) पाया गया, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में टीम नोएडा और दिल्ली रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी गुरजीत कुमार (21 वर्ष) निवासी बिजनौर (उ.प्र.) को सेक्टर-07, फेस-01 नोएडा से 22 मार्च 2026 को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में अपराध के साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 25 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।