✍️ भागीरथी यादव
बिल्हा। ग्राम डोडकी में दीवार से सटाकर मकान बनाने को लेकर हुए विवाद में प्राणघातक हमला करने के मामले में बिल्हा पुलिस ने करीब एक माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे और मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले ने 13 जुलाई 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच मकान को दीवार से हटाकर बनाने की बात को लेकर रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने एक राय होकर उसके तथा उसके पिता अंजोरदास के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से डंडे से मारपीट कर प्राणघातक चोट पहुंचाई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।
इसी दौरान 14 अगस्त को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रामजीवन यादव (30) और रामू यादव (25), दोनों निवासी डोडकी, को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने प्रार्थी और उसके पिता के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो बांस के डंडे तथा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 10 बीजी 6484 जब्त की।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े, संतोष मरकाम और राजेश यादव की अहम भूमिका रही।
