सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की अंजना बनीं जिला संयोजक, सह-संयोजक भी नियुक्त

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ में संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। अंजना दीपक सिंह ठाकुर को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि रमेश पिल्लई एवं धनसाय साहू को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के कोरबा स्थित निवास कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री देवांगन ने सभी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

संगठन द्वारा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। अंजना सिंह ठाकुर को एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रखर वक्ता के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई है।

 

उनकी नियुक्ति से जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही सह-संयोजकों की नियुक्ति से संगठनात्मक कार्यों में तेजी आएगी और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा।