
अंबिकापुर।
शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती का रिश्ता खून से रंग गया। एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को घर के भीतर दफना दिया। करीब दो महीने तक यह राज छिपा रहा, लेकिन दुर्गंध फैलने पर आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पूरी घटना का खुलासा कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मिथलेश कुजूर ने शराब के नशे में अपने दोस्त बृजलाल की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पहले से खोदी गई लगभग 4 फीट गहरी कब्र में शव को अपनी पत्नी की मदद से घर के अंदर ही दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि शव करीब दो महीने तक उसी स्थान पर दबा रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से दुर्गंध फैलने लगी। इससे परेशान होकर आरोपी स्वयं थाने पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पंचनामा की कार्रवाई कर क्राइम सीन का रीक्रिएशन किया गया।
पुलिस ने आरोपी मिथलेश कुजूर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक बृजलाल लोहे की सेंटरिंग का काम करता था और अपने पिता के साथ रहता था। उसके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
