कोरबा पसान: जमीन बंटवारे के विवाद में छोटे भाई की डंडे से पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सुशील जायसवाल, कोरबा-पसान

 

कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेनहा में जमीन बंटवारे के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बैसखराम यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 अप्रैल 2026 की दोपहर लगभग 12 बजे उनका छोटा बेटा दयाराम यादव घर के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। उसके शरीर, सिर, नाक, माथे, पीठ और पैरों में गंभीर चोट के निशान थे। दयाराम की पत्नी रामवती ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर जेठ कल्याण यादव से विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।

बताया गया कि विवाद के दौरान आरोपी कल्याण यादव ने बेंत की लाठी से दयाराम पर ताबड़तोड़ हमला किया। जब दयाराम बचने के लिए भागने लगा, तब आरोपी ने उसे पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गला दबाने लगा। गंभीर रूप से घायल दयाराम को परिजन उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान ले गए, जहां से जिला अस्पताल कोरबा रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल व नितेश ठाकुर तथा एसडीओपी पंकज ठाकुर के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश शुरू की गई। थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को ग्राम सहदासर के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जमीन बंटवारे के विवाद में हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे 4 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।