
कोरबा (पाली): जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गणेशपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 7 साल के बच्चे की हत्या के बाद उसका शव कुएं में फेंक दिया गया। आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक का पड़ोसी रंजीत कुमार 19 वर्ष निकला।

घटना का विवरण
आर्यन 7 वर्ष अपने दोस्तों के साथ 2 अप्रैल को तालाब में नहाने गया था, लेकिन वह घर नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान पता चला कि उसे आखिरी बार पड़ोसी रंजीत के साथ देखा गया था। ग्रामीणों की बैठक और पुलिस की सख्ती के बाद रंजीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
क्या हुआ था उस दिन?
आरोपी रंजीत ने पुलिस को बताया कि वह नशे की हालत में तालाब पहुंचा था। वहाँ उसने मासूम को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर गलत हरकत की। जब बच्चा विरोध करने लगा, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर चार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए फेंका कुएं में
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पड़ोसी गांव करतली के एक खेत में स्थित 12 फीट गहरे कुएं में फेंक दिया। 3 अप्रैल को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कुएं से बच्चे का शव बरामद किया।
कानूनी कार्रवाई
पाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
