
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर (छत्तीसगढ़):
बिल्हा थाना क्षेत्र में भरोसे को तार-तार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी का सपना दिखाकर युवती को प्रेम जाल में फंसाया गया, फिर महीनों तक उसका शोषण किया गया और आखिर में शादी से मुकरकर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए 30 अप्रैल 2026 को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि सम्बलपुरी निवासी रोशन कुमार उर्फ नानू लहरे (20 वर्ष) ने पहले नजदीकियां बढ़ाईं, फिर 18 अगस्त 2025 से शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब बात शादी तक पहुंची, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और डराने-धमकाने लगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिल्हा पुलिस ने बिना देर किए एक्शन मोड में काम किया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी को दबोच लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।
1 मई 2026 को गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
संदेश साफ है—महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर बिल्हा पुलिस का सख्त वार जारी रहेगा!
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की अहम भूमिका रही।
