फेसबुक फ्रेंडशिप बनी धोखे की कहानी, शादी का झांसा देकर छात्रा से 3 साल तक दुष्कर्म

✍️ भागीरथी यादव

 

 

सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने फेसबुक के जरिए युवती से दोस्ती की, फिर प्रेम संबंध बनाकर करीब तीन साल तक उसका शोषण करता रहा। युवती के गर्भवती होने पर दवाएं खिलाकर अबॉर्शन करा दिया और बाद में शादी से साफ इनकार कर फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित छात्रा की वर्ष 2022 में बतौली निवासी विक्रम सिंह से फेसबुक पर पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। आरोप है कि 5 अक्टूबर 2022 को विक्रम युवती के घर पहुंचा और शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा। मई 2025 में युवती गर्भवती हो गई, तब आरोपी ने उसे दवाएं देकर गर्भपात करा दिया। जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और उससे बातचीत बंद कर दी।

मामले से आहत युवती ने 6 मई को बतौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(एम), 69 और 88 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

आरोपी विक्रम सिंह (22 वर्ष), निवासी गहिला, बतौली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।