बिलासपुर-कोरबा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, दो दोस्तों की मौत, एक जिंदगी से जूझ रहा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर/रतनपुर। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार ने एक बार फिर दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रतनपुर थाना क्षेत्र के गहलोत ढाबा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार तामेश्वर, जोगेश पटेल और दुर्गेश पटेल तीनों दोस्त बाइक से बिलासपुर से हरदी बाजार की ओर जा रहे थे। देर रात जब उनकी बाइक रतनपुर क्षेत्र के गहलोत ढाबा के पास पहुंची, तब बाइक काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बाइक कई फीट दूर जा फेंकी गई और तीनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर तड़पते रहे। घटना के तुरंत बाद गहलोत ढाबा के संचालक और कर्मचारियों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तत्काल डायल 112 और रतनपुर पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायलों को संभालने और मदद पहुंचाने में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान जोगेश पटेल ने दम तोड़ दिया, जबकि तामेश्वर की भी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। वहीं तीसरे युवक दुर्गेश पटेल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। दोस्तों के साथ सफर पर निकले युवकों की ऐसी दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

रतनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।