दर्री के जैलगांव चौक में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, निकली प्रतीकात्मक शव यात्रा देखें वीडियो

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में बुधवार शाम दर्री के जैलगांव चौक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और आम जनता की परेशानियों को प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला सदस्य एवं युवा कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए। शव यात्रा जैलगांव चौक से क्षेत्र के प्रमुख मार्गों तक निकाली गई, जहां कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, सोना-चांदी और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। गरीब और मध्यम वर्ग का परिवार आज सबसे ज्यादा परेशान है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस पीसीसी सचिव विकास सिंह, जिला अध्यक्ष, पार्षद प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस महिला सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ आंदोलन जारी रखने का संकल्प लेते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।