परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा घोषित सेमेस्टर परीक्षा तिथियों को लेकर छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है। एनएसयूआई जिला सचिव मो. इमरान अली के नेतृत्व में छात्रों ने महाविद्यालय प्राचार्य के माध्यम से कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपकर परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग की।

 

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में महाविद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं 26 से 30 मई तक चल रही हैं, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। कम समय में परीक्षा कार्यक्रम घोषित किए जाने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को भी दिक्कतें हो रही हैं।

एनएसयूआई ने विश्वविद्यालय प्रशासन से परीक्षा तिथि आगे बढ़ाकर छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान युवा कांग्रेस कोरबा ग्रामीण जिला अध्यक्ष विकास सिंह,  नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, आशुतोष यादव, सत्यम देवांगन, नागराज, प्रियांशु पाल, निर्मल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।