रेड क्रॉस सोसायटी अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने अंगदान करने वालों को सम्मान देने उठाई मांग

✍️ भागीरथी यादव

 

 

अंगदान करने वालों को सम्मान और सरकारी सुविधाएं देने की मांग

 

 

कोरबा। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला शाखा कोरबा के अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने अंगदान करने वाले व्यक्तियों को सम्मानजनक उपाधि एवं विशेष सरकारी सुविधाएं प्रदान किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा महामहिम राज्यपाल के नाम एक महत्वपूर्ण सुझाव पत्र छत्तीसगढ़ राज्य शाखा रायपुर को भेजा गया है।

पत्र में कहा गया है कि अंगदान एक महान और मानवता से जुड़ा कार्य है, जो कई लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बनता है। ऐसे लोगों को समाज में विशेष पहचान और सम्मान मिलना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग अंगदान के लिए प्रेरित हों।

अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टरों, सैनिकों और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानजनक उपाधियां दी जाती हैं, लेकिन अंगदान जैसे पुनीत कार्य करने वालों के लिए अब तक कोई विशेष व्यवस्था नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि अंगदान करने वाले व्यक्तियों के नाम के साथ विशेष उपाधि जोड़ी जाए तथा उनके परिवारों को भी सरकारी सुविधाएं और सम्मान प्रदान किए जाएं।

रेड क्रॉस सोसायटी ने यह भी प्रस्ताव रखा कि अंगदान करने वालों की पहचान सरकारी प्रमाण पत्रों, स्मारक पट्टों और सामाजिक आयोजनों में शामिल की जाए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचे और मानव सेवा के प्रति जागरूकता बढ़े।

इस अवसर पर वाइस चेयरमैन राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, कोषाध्यक्ष राजेश बगड़िया सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

“मानव सेवा ही माधव सेवा” के संदेश के साथ संस्था ने शासन से इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है।