चलती स्कॉर्पियो की छत पर बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, इंस्टाग्राम रील बनी मुसीबत; पुलिस ने वाहन किया जब्त देखें वीडियो

✍️ भागीरथी यादव

 

 

केक काटकर आतिशबाजी करते हुए बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कोनी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

 

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स की चाह में सड़क पर जानलेवा स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना कोनी क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की छत पर केक काटने और पटाखे जलाकर आतिशबाजी करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही कोनी पुलिस हरकत में आ गई।

पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच के बाद काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया। वाहन चालक की पहचान अरविंद सैनी (31 वर्ष), निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, 24 मई 2026 की रात अरविंद सैनी अपनी महिला मित्र के साथ स्कॉर्पियो वाहन में रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर बर्थडे सेलिब्रेशन कर रहा था। इस दौरान चलती गाड़ी की छत पर केक रखकर काटा गया और पटाखे जलाकर आतिशबाजी की गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद कोनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना लाया और चालक से पूछताछ की। पूछताछ में चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा वाहन चालक एवं उसकी महिला मित्र के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

“रील का जुनून, कानून से टकराया”

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि स्वयं और अन्य लोगों की जान को भी खतरे में डालते हैं। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।