झपटमारों पर पुलिस का शिकंजा, लूटा गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा बरामद

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल झपटमारी के मामले में एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा तथा एक धारदार चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झपटमारी की घटना में शामिल आरोपी सकरी ओवरब्रिज के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और ACCU की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी एक्टिवा से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जल्दबाजी में वाहन से गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 20 मई 2026 को लोखंडी ओवरब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से मोबाइल झपटमारी करने की घटना स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी में लूटा गया T4X मोबाइल (कीमत लगभग 6 हजार रुपये), घटना में प्रयुक्त एक्टिवा और एक धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी शुभम यादव एवं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किया है।

सकरी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से झपटमारी जैसी वारदातों में शामिल असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश गया है कि कानून से बच पाना संभव नहीं है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।