कोरबा परिवहन विभाग में भ्रष्टाचार और दलाली के आरोप, युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा, 02 जून 2026। भारतीय युवा कांग्रेस कोरबा (शहर) ने जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में व्याप्त कथित अनियमितताओं, जनसुविधाओं की कमी और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। युवा कांग्रेस ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कदम उठाया गया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, परमिट, एनओसी और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से जिला परिवहन अधिकारी (DTO) को तत्काल पदमुक्त करने, लाइसेंस एवं नवीनीकरण प्रक्रियाओं की जांच कराने, कार्यालय परिसर में सक्रिय कथित दलालों पर कार्रवाई करने तथा वाहन पंजीयन (RC) सहित अन्य दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि परिवहन विभाग की सभी सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, शिकायत निवारण तंत्र को प्रभावी बनाया जाए तथा कार्यालय में सीसीटीवी निगरानी और जनसुविधाओं को बेहतर किया जाए।

युवा कांग्रेस कोरबा के नेताओं ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन की प्रतिलिपि एसडीएम, नगर निगम आयुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा जिला परिवहन अधिकारी को भी भेजी गई है।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन जनहित में आगे भी आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।