एम्बुलेंस में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी, 13 जून 2026। मानवता की सेवा में जुटी एम्बुलेंस पर हमला करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। धमतरी जिले की कुरूद पुलिस ने एम्बुलेंस चालक से मारपीट और वाहन में लाखों रुपये की तोड़फोड़ करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 8 जून की रात ग्राम उमरदा गौठान के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची थी। एम्बुलेंस चालक राधेश्याम निर्मलकर जैसे ही घटनास्थल पहुंचे, वहां मौजूद कुछ लोगों ने एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।

आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इतना ही नहीं, गुस्साए आरोपियों ने एम्बुलेंस में जमकर तोड़फोड़ कर सामने का कांच, बोनट, एंटीगेटर सहित कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे वाहन को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना कुरूद में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, वीडियो फुटेज और शिनाख्ती परेड के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रमन दीवान (30 वर्ष), तामेश्वर पटेल (33 वर्ष) और फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर (25 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम उमरदा, थाना कुरूद के निवासी हैं।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एम्बुलेंस, स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सा सेवाओं के कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न डालें, क्योंकि आपातकालीन सेवाओं में व्यवधान किसी की जान के लिए खतरा बन सकता है।