दो दिनों से पेट्रोल संकट से जूझ रहा दर्री क्षेत्र, खाली टंकियों के कारण आमजन परेशान

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/दर्री। दर्री क्षेत्र में पिछले दो दिनों से पेट्रोल की भारी किल्लत बनी हुई है। कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने से वाहन चालकों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल की तलाश में लोग एक पंप से दूसरे पंप तक भटकने को मजबूर हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अचानक उत्पन्न हुए इस संकट के कारण दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई दोपहिया वाहन चालक पेट्रोल खत्म होने के कारण बीच रास्ते में फंस गए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और तेल कंपनियों से जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके। लगातार बने इस संकट से लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों देखने को मिल रही है।