✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। धमतरी पुलिस की डायल-112 (ERV) सेवा जिले में आमजन के लिए भरोसे और सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। सेवा शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही डायल-112 टीमों ने 800 से अधिक आपातकालीन प्रकरणों में त्वरित रिस्पॉन्स देकर लोगों को राहत पहुंचाई है। सड़क दुर्घटनाओं, चिकित्सा आपात स्थितियों, जमीनी और पारिवारिक विवादों सहित विभिन्न घटनाओं में तत्काल पहुंचकर पुलिस ने संवेदनशीलता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में संचालित डायल-112 सेवा ने 12 से 14 जून के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्राप्त आपातकालीन सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करते हुए कई जरूरतमंदों की मदद की। सिहावा क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं अर्जुनी क्षेत्र में बाइक और साइकिल की टक्कर में घायल युवक को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया।

कुरूद, भखारा और मगरलोड क्षेत्रों में जमीनी विवाद, पारिवारिक कलह, धमकी और मारपीट की आशंका जैसी घटनाओं में डायल-112 टीमों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया। भखारा क्षेत्र के मडाई भाटा मोखा रोड में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद का भी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समाधान कराया।

मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए डायल-112 टीमों ने ग्राम नवागांव में प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जबकि ग्राम कुर्रा में जहर सेवन करने वाले व्यक्ति को समय रहते उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा भुसरेंगा और राखी गांवों में घायल व्यक्तियों को भी तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

धमतरी पुलिस की ERV टीमें चौबीसों घंटे जिलेभर में सड़क दुर्घटना, चिकित्सा आपातकाल, प्रसव सहायता, जहर सेवन, कानून-व्यवस्था और अन्य आपात स्थितियों में सक्रिय रूप से सेवाएं दे रही हैं। त्वरित प्रतिक्रिया, मानवीय दृष्टिकोण और जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण डायल-112 सेवा आम नागरिकों के बीच सुरक्षा और विश्वास का पर्याय बनती जा रही है।
“आपातकाल में डायल-112, हर समय आपके साथ” — धमतरी पुलिस जनसेवा, सुरक्षा एवं विश्वास का प्रतीक। 🚔
