रावा में निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर संपन्न, 250 पशुओं का हुआ डीवॉर्मिंग उपचार

सुशील जायसवाल

पोड़ी उपरोड़ा (रावा)

जिले के विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत रावा में 16 जून को पशुधन विकास विभाग कोरबा के उपसंचालक डॉ. एस.एन. मिश्रा के निर्देशानुसार निःशुल्क पशु चिकित्सा एवं पशुपालक जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने पशुओं को उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पंचायत भवन लेकर पहुंचे।

शिविर के दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही रक्त एवं मल (फीकल) नमूने एकत्र कर जांच हेतु भेजे गए। पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए गाय, भैंस एवं बकरियों में कृत्रिम गर्भाधान अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उन्नत नस्ल के पशुओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादन एवं आय में वृद्धि की जा सकती है। शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की भी जानकारी दी गई।

पशु चिकित्सा दल ने गांव में घर-घर पहुंचकर भी पशुओं का उपचार, बंधियाकरण तथा नमूना संग्रहण का कार्य किया। शिविर में कुल 250 पशुओं का डीवॉर्मिंग, 25 पशुओं का उपचार, 9 पशुओं का बंधियाकरण, 31 रक्त नमूने तथा 25 फीकल सैंपल संग्रहित किए गए।

इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत रावा के सरपंच सुमेन्द सिंह कमरो का विशेष योगदान रहा। शिविर में जिला पशु चलित इकाई कोरबा की डॉ. रेखा मिरी, ब्लॉक पशु चलित इकाई के डॉ. महिपाल सिंह, पशु औषधालय जटगा के प्रभारी, कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता रामचंद्र यादव (रावा) एवं रतन सिंह कंवर सहित विभागीय कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन ब्लॉक पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र कुमार पटेल के नेतृत्व में किया गया।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की, जिससे पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।