सुशील जयसवाल
लाद के शासकीय स्कूल में ड्राइंग-पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन
लाद/पोड़ी उपरोड़ा। विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम लाद स्थित शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत दो दिवसीय रचनात्मक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अभियान के प्रथम दिन 18 सितंबर को विद्यालय परिसर में ड्राइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र एवं पेंटिंग बनाकर अपनी रचनात्मक सोच को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। छात्र-छात्राओं की कलाकृतियों का अवलोकन करने के लिए विद्यालय के एसएमडीसी अध्यक्ष मुरली गुप्ता तथा ग्राम पंचायत लाद के पंच हरदीप सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
वहीं दूसरे दिन 19 सितंबर को कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विषय की गहराई, प्रभावी प्रस्तुतीकरण और मंच पर आत्मविश्वास के साथ बोलने के लिए मार्गदर्शन दिया।
भाषण प्रतियोगिता में माध्यमिक शाला लाद से नवरती (कक्षा 8वीं) ने प्रथम तथा अनुजा (कक्षा 7वीं) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह शासकीय हाई स्कूल लाद से लता कुर्रे (कक्षा 10वीं) प्रथम और धनंजय (कक्षा 9वीं) द्वितीय रहे।
हाई स्कूल लाद के वरिष्ठ प्राचार्य जे.एल. जगत ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता रही।
