✍️ भागीरथी यादव
डीजे की धुन पर गूंजे श्रीराम के जयकारे
कोरबा। केशरवानी वैश्य समाज कल्याण समिति कोरबा के तत्वावधान में शनिवार को महर्षि कश्यप जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान समाजजनों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा महर्षि कश्यप की तस्वीर के साथ जन्मोत्सव का बैनर लगाया गया।
आयोजन के दौरान डीजे में भगवान श्रीराम के भजनों और धार्मिक गीतों की धुन गूंजती रही, जिस पर समाज के युवा और अन्य लोग उत्साह के साथ झूमते नजर आए। धार्मिक गीतों के बीच वातावरण भक्तिमय बना रहा और कई स्थानों पर श्रीराम के जयकारे भी लगाए गए।
कार्यक्रम में कोरबा केशरवानी वैश्य सभा के साथ महिला सभा एवं तरुण सभा की भी सक्रिय सहभागिता रही। समाज के सदस्यों ने एक-दूसरे को महर्षि कश्यप जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
समाजजनों ने कहा कि महर्षि कश्यप भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनके जन्मोत्सव के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
समारोह के दौरान धार्मिक भजनों, डीजे की धुन और उत्साहपूर्ण माहौल ने आयोजन को खास बना दिया। समाज के लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की बात कही।
