✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। गणेश विसर्जन और आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के साथ ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोरबा पुलिस ने DJ संचालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र की CMPDI कॉलोनी में निर्धारित नियमों के विपरीत DJ बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए DJ उपकरण और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नेम प्रकाश साहू, निवासी बाकीमोंगरा के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम की धारा 5 एवं 15 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 DJ बॉक्स, 4 बेस बॉक्स, 3 एम्प्लीफायर, 2 स्टेबलाइजर, 1 DJ मिक्सर, 4 लाइट और 4 एमआई बार सहित अन्य सामग्री जब्त की।
DJ उपकरणों को ले जाने में प्रयुक्त TATA YODHA पिकअप क्रमांक CG-12-BF-9366 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। जब्त उपकरण एवं वाहन को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि DJ संचालकों की पूर्व में बैठक लेकर उन्हें निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा का पालन करने की स्पष्ट समझाइश दी गई थी। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
