✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की तस्करी में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) के पास से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद सहित कुल 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हेरोइन तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोतों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
