अमाबगीचा में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 8 जुआरी गिरफ्तार, 1.83 लाख की संपत्ति जब्त

✍️ भागीरथी यादव

 

 

धमतरी। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना भखारा पुलिस ने ग्राम रामपुर स्थित अमाबगीचा में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान नगदी, मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 83 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में भखारा पुलिस को सूचना मिली थी कि अमाबगीचा में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर 52 पत्ती ताश से “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को देखकर कई लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 8 आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से 10,800 रुपये नगद, 5 मोटरसाइकिल, 1 सुपर एक्सल वाहन, 4 एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 3 कीपैड मोबाइल फोन तथा ताश की गड्डी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1.83 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में मेघनाथ साहू, राजेश कुमार रात्रे, महादेव रात्रे, गजेंद्र कुमार निषाद, नारदराम निषाद, छन्नूलाल रात्रे, देनेश्वर साहू और कवल सिंह साहू शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम रामपुर, थाना भखारा, जिला धमतरी के निवासी हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।