✍️ भागीरथी यादव
लोक शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई, न्यायालय में किया पेश
बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर लगातार हो रहे विवाद और मारपीट की घटनाओं पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। आरोपियों को धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, ईरानी मोहल्ला पांड निवासी नजर नब्बास अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 जून की रात कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना सकरी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी प्रकार सैदा निवासी कविता दुबे की शिकायत पर भी प्रवीण दुबे एवं प्रशांत दुबे के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया था। वहीं एक अन्य मामले में तारबाहर निवासी लखन पटेल की रिपोर्ट पर भी मारपीट और धमकी का अपराध दर्ज हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपराध दर्ज होने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था और क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में विशेष कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने असलम अली, अकरम अली, कासिम अली, अली खान जाफरी, शराफत अली, नजफ अली, जान मोहम्मद, एहसास अली, सज्जाद अली, प्रवीण दुबे, प्रशांत दुबे, शिवराज यादव उर्फ भर्रा तथा त्रिवेव यादव उर्फ नानू सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया। सकरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था भंग करने, विवाद एवं मारपीट कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
