✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। महिला से दुष्कर्म के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चौकी बिरेझर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 22 मई 2026 को चौकी बिरेझर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 मई 2026 को आरोपी कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ रिंकु तिवारी (39 वर्ष), निवासी ग्राम बरूई (कुटीवा), थाना कोतवाली देहात, जिला सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) ने उसके घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चौकी बिरेझर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा बयान दर्ज किए गए तथा न्यायालयीन कथन सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।
लगातार पतासाजी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाया और पूछताछ के लिए चौकी बुलाया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य और अन्य सामग्री जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेज दी है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आमजन, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
आरोपी: कृष्ण कुमार तिवारी उर्फ रिंकु तिवारी (39 वर्ष), निवासी ग्राम बरूई (कुटीवा), थाना कोतवाली देहात, जिला सुल्तानपुर (उ.प्र.)।
