✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 27 जून। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अछोटा स्थित दो ढाबों से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 180 पौवा देशी शराब, तीन दोपहिया वाहन, एक मोबाइल सहित करीब 1.14 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों के बाद ढाबों में शराब पिलाने और अवैध बिक्री पर नियमित निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान मंगलानी ढाबा के संचालक एवं कर्मचारियों तथा मामा ढाबा के एक कर्मचारी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई

पहले मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर विवेक देवांगन (21) को सीटी-100 मोटरसाइकिल से 49 पौवा देशी शराब ले जाते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि शराब मंगलानी ढाबा में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने शराब और बाइक सहित करीब 28,920 रुपये की संपत्ति जब्त की।

दूसरे मामले में पुलिस ने मामा ढाबा के कर्मचारी विक्की महार उर्फ विक्की रामटेके (20) को 31 पौवा देशी शराब, टीवीएस जुपिटर स्कूटी और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 52,500 रुपये आंकी गई है।
तीसरी कार्रवाई में अर्जुनी पुलिस ने नगरी रोड पर घेराबंदी कर मंगलानी ढाबा के संचालक सतीश मंगलानी उर्फ विक्की मंगलानी (37) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 100 पौवा (18 लीटर) देशी शराब और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत लगभग 33 हजार रुपये है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
