नाली में बाथरूम करने के विवाद में हत्या की कोशिश, फरार आरोपी भी पुलिस के शिकंजे में

✍️ भागीरथी यादव

 

 

15 हमलावरों की पहचान में अब तक 4 आरोपी और 7 अपचारी बालक गिरफ्तार, मुख्य फरार आरोपी अमन अहिरवार को भेजा गया जेल

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में नाली में बाथरूम करने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में अब तक 4 आरोपियों और 7 अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल 2026 की रात प्रभात चौक चिंगराजपारा निवासी सनत सारथी मोहल्ले में टहल रहे थे। इसी दौरान नाली में बाथरूम करने की बात को लेकर विक्की अहिरवार और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए डंडे, चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रेखा सारथी, बेटू विश्वकर्मा, सोनी सिंह ठाकुर और तिलक दास मानिकपुरी के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें सभी घायल हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें करीब 15 लोग मुंह ढंककर मारपीट करते दिखाई दिए।

जांच के दौरान पहले ही 3 आरोपियों और 7 अपचारी बालकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं फरार आरोपी अमन अहिरवार उर्फ नाचू (24 वर्ष) निवासी श्यामनगर मोची मोहल्ला, लिंगियाडीह की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई जारी है।