✍️ भागीरथी यादव
सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त तलवार समेत हथियार जब्त, सभी आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में घर में घुसकर तलवार, लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार भी बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह के पास प्रार्थी निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने वाहन से टक्कर मारने के बाद गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और तलवार से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर के भीतर घुसकर बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। मुख्य आरोपी सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा के कब्जे से तलवार मिलने पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) और राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को भी विधिवत निरुद्ध किया गया है।
सरकंडा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घर में घुसकर हमला करने की इस गंभीर वारदात का शीघ्र खुलासा हुआ और सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया।
