✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पाम मॉल स्थित ONC (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में आकस्मिक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में निर्धारित समय और आबकारी नियमों का उल्लंघन कर ग्राहकों को शराब परोसी जाती मिली, जिसके बाद दोनों बार के मैनेजरों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के नेतृत्व में देर रात की गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि पाम मॉल स्थित ONC और सेंट्रल प्वाइंट बार में देर रात तक शराब परोसने के साथ पार्टी आयोजित की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि हाल ही में पाम मॉल स्थित ONC से अधिक शराब पीकर निकले एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो को लापरवाही से मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस मामले में आरोपी रमन सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी घटना के बाद बार की गतिविधियां पुलिस की निगरानी में थीं।
देर रात हुई छापेमारी में दोनों बारों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मैनेजरों को थाना लाकर वैधानिक कार्रवाई की गई। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कानून और आबकारी नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
