✍️ भागीरथी यादव
धमतरी, 9 जुलाई 2026। धमतरी जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी के कथित प्रेमी पर देर रात सोते समय कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

आरोपी
पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले करीब एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के निवासी शंकर सूर्यवंशी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि शंकर अक्सर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता-जाता था। 8 जुलाई की शाम वह फिर पूर्णिमा के घर पहुंचा और रात में भोजन के बाद परिवार के साथ उसी हॉल में सो गया।

मृतक
रात करीब 3 बजे पूर्णिमा के पति योगेंद्र सोरी ने गुस्से में आकर शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी योगेंद्र सोरी को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत इस मामले का शीघ्र खुलासा किया गया है।
