कोरबा में ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ को मिलेगी नई गति, 14 जुलाई को कलेक्टर की अध्यक्षता में होगी अहम बैठक

✍️ भागीरथी यादव

 

 

युवाओं को स्किल डेवलपमेंट, इंटर्नशिप, वालंटियरिंग और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की रणनीति पर होगा मंथन

 

कोरबा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी पहल “माय भारत (मेरा युवा भारत) कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कोरबा में मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में यह बैठक दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट के सभा कक्ष में होगी।

 

जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि “माय भारत” कार्यक्रम का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को सरकारी योजनाओं, सामाजिक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त बनाना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्किल डेवलपमेंट, इंटर्नशिप, अनुभव आधारित प्रशिक्षण, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण, विभिन्न संस्थाओं और मेंटर्स से जुड़ने जैसे अनेक अवसर उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में पंजीकृत प्रत्येक युवा को वालंटियर प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीयन कराने की अपील की जाएगी, ताकि वे केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों का लाभ उठा सकें।

बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के अलावा जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति के सदस्य, सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य तथा प्रभारी सहायक प्राध्यापक शामिल होंगे। बैठक में जिले में कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, युवाओं की अधिकतम भागीदारी और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।