✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। नगर निगम सभागार में कोरबा पुलिस की ओर से साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के साथ मानव सेवा के लिए स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना रहा।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस सामाजिक पहल से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने युवाओं, पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के रक्तदान करने से शिविर में मौजूद पुलिसकर्मियों और नागरिकों में उत्साह देखा गया।
साइबर ठगी से बचने बताए सुरक्षा के उपाय
साइबर चौपाल में लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। इसके अलावा फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है।
कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक रहने का संदेश दिया। वहीं रक्तदान शिविर के जरिए पुलिस ने कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी जाहिर की। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
