✍️ भागीरथी यादव
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में SF-6 बटालियन में पदस्थ जवान विजेंद्र ठाकुर की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जवान की मौत को लेकर परिजनों ने आत्महत्या की बात मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
जवान की मौत की खबर के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद परिजनों ने जवान का शव देवनगर मुख्य मार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए और मौत की परिस्थितियों की गहन जांच की मांग उठाई।
परिजनों का आरोप है कि बटालियन की ओर से शव गांव लाए जाने के दौरान किसी वरिष्ठ अधिकारी की मौजूदगी नहीं थी। इसे लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। वहीं जवान को शहीद का दर्जा नहीं दिए जाने पर परिजनों ने सवाल उठाते हुए अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
परिजनों का कहना है कि जवान की मौत के पीछे क्या परिस्थितियां थीं, इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की जांच पारदर्शी तरीके से कर सच्चाई सामने लाई जाए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जवान की मौत को लेकर परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद मामला संवेदनशील हो गया है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
