जैलगांव चौक स्थित अनूप दास दीवान के चॉइस सेंटर में चोरी, ₹35 हजार नकद ले उड़े चोर

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/दर्री। दर्री थाना क्षेत्र के जैलगांव चौक स्थित एसबीआई लोक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) में मंगलवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर शटर और लॉकर का ताला तोड़कर लगभग 35 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, चॉइस सेंटर के संचालक अनूप दास दीवान मंगलवार रात करीब 9 बजे रोज की तरह केंद्र बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा हुआ था और लॉकर का ताला भी टूटा मिला। जांच करने पर लॉकर में रखी

 

₹35,000 की नकदी गायब थी। हालांकि केंद्र में रखा अन्य सामान सुरक्षित मिला, जिससे आशंका है कि चोर का निशाना केवल नकदी थी।

घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। वहीं संचालक अनूप दास दीवान ने दर्री थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

 

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।