कोरबा। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित खरमोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक कार्बन फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में छाया काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही समय बाद फैक्ट्री से उठता धुआं कई सौ फीट ऊंचाई तक फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं तथा आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग अंकुश अग्रवाल की कार्बन फैक्ट्री में लगी है। घटना के समय फैक्ट्री में कई कर्मचारी कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि ऑयल लीकेज के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के दौरान फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।
