✍️ भागीरथी यादव
कटघोरा के छुरी बकरा बाजार में आकाशीय बिजली का कहर, खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर गिरी गाज; अस्पताल पहुंचते ही तीनों को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
कोरबा, 25 जुलाई। कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा-छुरी बकरा बाजार में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से हृदय विदारक हादसा हो गया। खेत में रोपाई का कार्य कर रहे तीन ग्रामीणों की गाज की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार स्थित विद्युत सब-स्टेशन के पीछे खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आकाशीय बिजली खेत की मेढ़ पर आ गिरी, जिसकी चपेट में तीन ग्रामीण आ गए।
हादसे में बहोरन पाटले, लक्ष्मीचंद पाटले और श्याम साहू, तीनों निवासी छुरी, गंभीर रूप से झुलस गए। बिजली गिरते ही खेत में मौजूद अन्य ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
एक ही गांव के तीन ग्रामीणों की एक साथ मौत से छुरी और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान खेत में काम चल रहा था, तभी अचानक गाज गिरने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल है।
बारिश के मौसम में लगातार आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, खेत या पेड़ों के नीचे काम करने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
