कोरबा के पूर्व एसपी डॉ. संतोष कुमार सिंह बने CISF के DIG, हैदराबाद में संभाली बड़ी जिम्मेदारी

✍️ भागीरथी यादव

 

 

छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस, ‘निजात अभियान’ से पाए अंतरराष्ट्रीय पहचान

 

छत्तीसगढ़ में अपनी सख्त कार्यशैली और नवाचारों के लिए पहचान बना चुके कोरबा के पूर्व पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने आज हैदराबाद स्थित मुख्यालय में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के दक्षिण जोन-II के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया।

उनके अधीन अब आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में स्थित CISF-सुरक्षित महत्वपूर्ण इकाइयों—जैसे खदानें, औद्योगिक प्रतिष्ठान, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम—की सुरक्षा की जिम्मेदारी रहेगी। साथ ही पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा का दायित्व भी इसी जोन के अंतर्गत आता है।

गौरतलब है कि 16 मार्च 2026 को उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की खबर सामने आई थी। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह इससे पहले पुलिस मुख्यालय में डीआईजी, सीसीटीएनएस/एससीआरबी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

डॉ. संतोष कुमार सिंह अपने चर्चित ‘निजात अभियान’ के लिए भी जाने जाते हैं, जो अवैध नशे के खिलाफ एक प्रभावी मुहिम रही। इस अभियान की सफलता के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ISCP अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

अपने अब तक के सेवा कार्यकाल में वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव जैसे नौ जिलों में एसपी/एसएसपी के रूप में पदस्थ रह चुके हैं। कोरबा में उनके कार्यकाल को विशेष रूप से प्रभावी पुलिसिंग और जनजागरूकता अभियानों के लिए याद किया जाता है।

नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही उनसे औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में नए मानक स्थापित करने की अपेक्षा की जा रही है।