लिफ्ट मांगकर युवक से लूट और जानलेवा हमला, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में लिफ्ट मांगकर युवक से लूटपाट और मारपीट करने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, एयरबड्स और नकदी लूट ली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को मुंगेलीनाका निवासी 18 वर्षीय सूरज कुमार श्याम अपने साथी योगेश कुमार की होंडा शाइन मोटरसाइकिल से कॉलेज का पता करने जा रहा था। अशोक नगर चौक स्थित डीएलएस कॉलेज रोड के पास एक युवक ने लिफ्ट मांगी। कुछ दूरी चलने के बाद आरोपी ने जबरन आगे ले जाने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी। मुरूम खदान के पास उसने अपने साथी को भी बाइक पर बैठा लिया।

इसके बाद मुरूम खदान शिव मंदिर के पास दोनों आरोपियों ने सूरज के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ, मुक्के, लात और पत्थर से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। आरोपियों ने उसकी रेडमी कंपनी का मोबाइल, बोट कंपनी के एयरबड्स, ₹200 नकद तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब ₹9 हजार बताई गई है।

मामले की सूचना पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और एयरबड्स बरामद कर जब्त कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में तिफरा निवासी प्रिंस राज उर्फ जानू (29) और अशोक नगर निवासी चेतन पाल (25) शामिल हैं। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।