पुलिस ने 24 घंटे में गौवंश वध के दो आरोपी दबोचे

✍️ भागीरथी यादव

 

 

बिलासपुर। कोटा पुलिस ने गौवंश के अवैध वध और गोमांस की बिक्री के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35.40 किलोग्राम गोमांस, दो खुरपा, दो टंगिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 10 BK 9940) जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दर्रीकापा निवासी राकेश अनंत (36) और राहुल अनंत (23) अपने घर में अवैध रूप से गौवंश का वध कर गोमांस का संग्रह एवं विक्रय कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कोटा पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299(3), 5 तथा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 5 एवं 10 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका भी सराहनीय रही।